मौसम अपडेट- बदले मौसम के रंग: दिनभर हलके बादल रहे, 15 किमी रफ्तार से हवा चली, रात में ठंडक बढ़ी

इंदौर डेस्क :

फरवरी के अंतिम दिनों में ठंड फिर रंग दिखाती महसूस हो रही है। हालांकि इस बार उत्तरी हवा नहीं बल्कि बारिश, बादल लाने वाली पश्चिमी हवा ने मौसम को सर्द बना दिया है। राजस्थान तरफ बारिश होने से वहां से आ रही हवा ने तापमान में गिरावट दर्ज कराई है।

न्यूनतम तापमान गुरुवार रात को 13.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य ही आंका गया। इसके पहले यानी बुधवार रात को पारा 14.6 डिग्री था। अधिकतम तापमान शुक्रवार को 27.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री कम आंका गया। गुरुवार को दिन का पारा 27.8 डिग्री था।

  • 13.6 डिग्री न्यूनतम
  • 27.4 डिग्री अधिकतम
  • 0.4 डिग्री तापमान घटा 24 घंटे में। 1 ही दिन में रात के तापमान में 1 डिग्री की गिरावट।

आगे क्या… 2 दिन बाद फिर छाएंगे बादल

शुक्रवार को सुबह से ही हवा रफ्तार से चल रही थी। सुबह हलके बादल थे, लेकिन फिर दोपहर में आसमान साफ हो गया। कम से कम 7 और अधिकतम 15 किमी की रफ्तार से हवा चलती रही। सोमवार से फिर सुबह से शाम तक हलके बादल नजर आएंगे। इनका असर तीन-चार दिन रहेगा।

दिन का तापमान इस वजह से सामान्य से कम रहेगा। फरवरी में इन दिनों भले ही ठंडापन है, लेकिन पिछले 10 सालों से तुलना करें तो इस बार यह महीना उतना सर्द नहीं रहा है। न्यूनतम तापमान का निचला स्तर इस महीने में 12.1 डिग्री ही रहा है, जबकि फरवरी में 10 डिग्री या इससे नीचे तापमान 3 से 4 रातों तक रहा है।

Exit mobile version