ग्रामीण ओलंपिक खेल 2021-22 गांवों की खेल प्रतिभाओं को मिलेगीे पहचान 6 खेलों के लिए पूर्वाभ्यास हुआ आरंभ

अजमेर /जयपुर डेस्क :

ग्राम स्तर पर खेल प्रतिभाओं को खोज कर आगे लाने के लिए राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों का आयोजन होगा। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में पूर्वाभ्यास आरंभ हो गया है।

 जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हेमंत स्वरूप माथुर ने बताया कि मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के अनुरूप राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल 2021-22 का आयोजन होगा। इनका उद्देश्य ग्राम स्तर पर खेल प्रतिभाओं की खोज करना है। इसमें कबड्डी, बालक वर्ग शूटिंग वॉलीबोल, टेनिस बॉल क्रिकेट, बालिका वर्ग खो-खो, वॉलीबॉल तथा हॉकी के खेल शामिल होंगे। इन खेलों के लिए जिले में विभिन्न स्थानों पर पूर्वाभ्यास आरंभ किया जा चुका है। साथ ही प्रशासन द्वारा आवश्यक खेल सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है।

         उन्होंने बताया कि इनके आयोजन के लिए ग्राम, ब्लॉक एवं जिला स्तर पर समितियों का गठन किया गया है। ग्राम पंचायत स्तरीय समिति के संयोजक स्थानीय सरपंच तथा सदस्य राजकीय विद्यालय के प्रधानाचार्य, ग्राम सचिव, पटवारी एवं शारीरिक शिक्षक हैं। इसी प्रकार ब्लॉक स्तरीय समिति के संयोजक संबंधित उपखंड अधिकारी तथा सदस्य स्थानीय प्रधान, ब्लॉक विकास अधिकारी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, शारीरिक शिक्षक तथा चिकित्सा विभाग एवं जिला खेल अधिकारी के प्रतिनिधि हैं।

  जिला स्तरीय समिति के संयोजक जिला कलक्टर अंश दीप को बनाया गया है। इसमें पुलिस अधीक्षक, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला खेल अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जनसंपर्क अधिकारी, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग प्रतिनिधि, नेहरू युवा केंद्र समन्वयक, खेल संघ प्रतिनिधि, शारीरिक शिक्षक एवं खेल प्रशिक्षक सदस्य हैं।

 उन्होंने बताया कि खेल प्रतियोगिताएं ग्राम पंचायत स्तर पर 29 अगस्त को, ब्लॉक स्तर पर 12 सितंबर को, जिला स्तर पर 22 सितंबर को तथा राज्य स्तर पर 2 अक्टूबर को आरंभ होगी। ग्रामीण ओलंपिक खेल आयोजन समिति द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर समस्त खेलों के लिए दल गठित किए गए हैं। ग्राम पंचायत में आने वाले समस्त राजस्व ग्रामों के दल मिलकर ग्राम पंचायत का दल बनाएंगे। शिक्षा विभाग द्वारा ग्राम पंचायत में अलग-अलग खेलों के लिए टेबल लगाकर दल के नाम प्राप्त किए गए हैं। खेल गतिविधियों के साथ-साथ जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

Exit mobile version