निर्वस्त्र मिला महिला का शव: दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका, पत्थर से कुचला था चेहरा

ग्वालियर डेस्क :

ग्वालियर में रविवार सुबह निर्वस्त्र मिले महिला के शव की पहचान हो गई है। पुलिस ने मौके पर मिले आधार कार्ड की जांच के आधार पर महिला की शिनाख्त की है। पुलिस ने इस मामले में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मामला ग्वालियर के माधौगंज आंग्रे साहब का बाड़ा के पास का है। यहां धान मिल के पीछे नाले के पास झाड़ियों में महिला का निर्वस्त्र शव पड़ा था। महिला का चेहरा और सिर पत्थरों से बुरी तरह कुचला हुआ था। आशंका है कि आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए चेहरे को पत्थरों से कुचल दिया होगा।

स्थानीय लोगों की जब नजर पड़ी तो शव को कुत्ते नोंच रहे थे। मौके से दो आधार कार्ड भी मिले। सूचना मिलने पर पुलिस के साथ फोरेंसिक एक्सपर्ट भी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान घटनास्थल पर महिला के कपड़े मिले। साथ ही एक लेडीज हैंड पर्स मिला। महिला गहने पहने हुए थी।

आधार कार्ड की मदद से पहचान
महिला के पर्स में दो आधार कार्ड मिले। इनमें एक आधार किसी पुरुष, जबकि दूसरा महिला के नाम का है। पता तारागंज जनकगंज लिखा है। साथ ही, मुरार की एक महिला के नाम का वोटर कार्ड भी मिला है। आधार कार्ड से जांच के बाद शाम को महिला की पहचान कर ली गई है।

दुष्कर्म की घटना से भी नहीं इनकार
पुलिस का कहना है कि जिस स्थिति में शव मिला है, उससे दुष्कर्म की घटना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। दो टीमों को आने-जाने वाले रास्तों पर लगे CCTV चेक करने के लिए लगाया गया है। माधौगंज थाना प्रभारी महेश शर्मा का कहना है कि महिला की हत्या पत्थर से कुचलकर की गई है। आधार कार्ड की मदद से पहचान की गई है। मामले की जांच की जा रही है।

Exit mobile version