सीएम गहलोत का अलग ही अंदाज: अलाव तापते बच्चे के पास अचानक जा बैठे अशोक गहलोत, महिलाओं-बच्चों से बातों ही बातों में 8वीं तक के स्कूल को 12वीं तक कर गए

जयपुर डेस्क :

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से कुछ ‌समय निकाल कर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सोमवार सुबह अचानक दौसा के बसवा इलाके के जयसिंहपुरा गांव पहुंच गए। सुबह करीब 7.30 बजे अचानक मुख्यमंत्री को खुद के बीच देख ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।

सोमवार अलसुबह भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बांदीकुई क्षेत्र के कोलाना से अलवर की ओर रवाना हुए थे। काफी देर पैदल चलने के बाद सीएम अचानक यात्रा छोड़ बसवा की ओर निकल गए। इस दौरान वे जयसिंहपुरा गांव में किसान बद्रीप्रसाद मीणा के घर पहुंचे।

घर के बाहर 5 साल का मयंक अलाव ताप रहा था। मुख्यमंत्री उसके पास जमीन पर जाकर बैठ गए और अलाव तापने लगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के मयंक से ठंड को लेकर बात करने लगे। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद अन्य बच्चों, महिलाओं को भी वहीं अलाव के पास ही बुला लिया। ग्रामीणों ने सीएम को कुर्सी दी और अलाव के पास आ गए। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ चल रहा प्रशासनिक अमला पीछे खड़ा हो गया।

मुख्यमंत्री को अचानक वहां देख ग्रामीण जुट गए। महिलाएं घर का काम छोड़ अलाव के पास जा बैठीं। महिला सहकारी समिति झाझीरामपुरा की अध्यक्ष व राशन डीलर कमला ब्याडवाल से मुख्यमंत्री चर्चा करने लगे। कमला किसान बद्रीप्रसाद की बेटी हैं और उनका पीहर नजदीक ही है। वे भारत जोड़ो यात्रा को लेकर पिता के घर आई हुई थीं। पता चला कि मुख्यमंत्री आए हैं तो मिलने पहुंच गईं।

कमला देवी ने मुख्यमंत्री बसवा की मिट्‌टी से बना पॉट और तिरंगे के रंग में रंगा हल भेंट किया। कमला ने बताया कि मयंक उनका भतीजा है और पहली क्लास में पढ़ता है। बच्चों की पढ़ाई-लिखाई को लेकर जब मुख्यमंत्री ने पूछा तो कमला ने कहा- गांव का नजदीकी स्कूल जयसिंहपुरा फाटक के पास है। यह आठवीं तक ही है। आगे की पढ़ाई के लिए बच्चों को बसवा या बांदीकुई जाना पड़ता है। कमला देवी ने स्कूल को 10वीं तक क्रमोन्नत करने की मांग की।

तब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आजकल सेकेंडरी नहीं बल्कि सीनियर सेकेंडरी होता है। स्कूल को सीधे 12वीं तक क्रमोन्नत कर देंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टर कमर चौधरी को स्कूल का नाम नोट करने के निर्देश दिए।

कमला देवी ने CM से राशन डीलरों का कमीशन 300 रुपए प्रति क्विंटल करने या फिक्स मानदेय करने की भी मांग की। जिस पर मुख्यमंत्री ने विचार करने की बात कही और और अपनी बात वहां मौजूद अधिकारी को बताने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद बच्चों और महिलाओं से सरकारी योजनाओं को लेकर फीडबैक भी लिया। इस दौरान कमला देवी ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने ट्रेन से लालसोट जा रही थी। दौसा में ट्रेन से गिरने के कारण उसके सिर में चोट आई। सरकारी अस्पताल में सीटी स्कैन कराया। रीढ़ की हड्‌डी में अभी भी दर्द है। इस पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कमला देवी से हालचाल पूछा और चिरंजीवी योजना के बारे में जानकारी ली। कमला देवी ने कहा कि अस्पताल में उसकी फ्री जांच हुई। दवाएं और इलाज के भी पैसे नहीं लगे।

करीब आधा घंटा ग्रामीणों से बताकर मुख्यमंत्री वहां से भारत जोड़ो यात्रा में दोबारा शामिल होने निकल गए।

Exit mobile version