राजगढ़ जिले में कांग्रेस नेता की हत्या कर 20 तोला सोना, 5 किलो चांदी और दो राइफल ले उड़े बदमाश

राजगढ़ डेस्क :

राजगढ़ में एक सनसनीखेज वारदात में बदमाशों ने कांग्रेस से जुड़े रहे पूर्व सरपंच की हत्या कर दी। वे घर में रखा 20 तोला सोना, 5 किलो चांदी और दो राइफल लेकर फरार हो गए। कांग्रेस नेता की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

मामला राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाने से करीब 6 किलोमीटर दूर काचरिया पुरोहित गांव का है। जहां बुधवार रात पूर्व सरपंच बने सिंह (85) के घर में बदमाश घुस गए। उनसे संघर्ष में बने सिंह की मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी लाड़कुंवर बाई (82) जख्मी हो गई। उन्हें इंदौर के बॉम्बे अस्पताल रेफर किया गया है। बने सिंह के बेटे राजेंद्र सिंह ने बताया कि घर से सोना-चांदी, दो राइफल और लाखों रुपए की नकदी गायब है।

बदमाशों ने दंपती पर डंडे से किया हमला

सारंगपुर थाना प्रभारी आशुतोष उपाध्याय और एसडीओपी जोइसदास मौके पर पहुंचे। वहीं राजगढ़ से एसपी वीरेंद्र सिंह डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट के साथ मौके पर पहुंचे। भोपाल ग्रामीण रेंज डीआईजी मोनिका शुक्ला ने काचरिया पुरोहित गांव पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और मौके का निरीक्षण किया।

एसपी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि रात करीब 2-3 बजे लुटेरे घर में पीछे की तरफ से घुसे थे। संभवत पीछे का दरवाजा खुला था, क्योंकि उस पर तोड़ने के निशान नहीं मिले हैं। भारी डंडे से दंपती पर वार किया गया। मामले की जांच के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया है। यह किसी बाहरी गैंग का काम लगता है। आरोपियों को जल्द ही पकड़ कर न्यायालय में पेश करेंगे।

Exit mobile version