शादी की खुशियां मातम में बदली, 4 सगी बहनें कर रही थी डांस, डांस करते वक्त हार्ट अटैक से एक महिला की मौत

न्यूज़ डेस्क :

संगीत का कार्यक्रम, चार महिलाएं स्टेज पर परफॉर्म कर रही हैं। डांस करते-करते अचानक एक महिला गिरी और फिर उठ नहीं सकी। महिला को हार्ट अटैक आया था। इसका VIDEO भी सामने आया है।

मामला सिवनी जिले के बखारी गांव का है। बुधवार रात यहां एक शादी वाले घर में हल्दी-संगीत का कार्यक्रम था। सभी खुशी से झूम रहे थे। घर के सदस्य अपनी बारी आने पर स्टेज परफॉर्मेंस दे रहे थे। घर की बुजुर्ग महिलाओं की बारी आई। चार बुजुर्ग महिलाओं ने स्टेज पर डांस करना शुरू किया। गाने के खत्म होते ही अचानक 55 साल की दासोदी साहू गिर पड़ीं। परिजन जिला अस्पताल सिवनी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि महिला की मौत हार्ट अटैक से हुई है। इस हादसे के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

डांस कर रहीं चारों महिलाएं सगी बहनें

परिवार के लोगों ने वधू के दादा की चारों बहनों काे स्टेज पर बुलाया। सभी उनसे डांस करने की जिद करने लगे। चारों बहनें सरस्वती, मुन्नी, रिक्खो और दासोदी भी तैयार हो गईं और नाचने लगीं। रिश्तेदार उनके डांस का आनंद ले रहे थे। जैसे ही गाने की धुन समाप्त हुई, दासोदी को हार्ट अटैक आया और वो स्टेज में गिर पड़ी।

बंडोल थाना प्रभारी दिलीप पंचेश्वर ने बताया कि बखारी गांव में शादी समारोह से पहले साहू परिवार में संगीत कार्यक्रम चल रहा था। डांस के दौरान 55 साल की महिला अचानक मंच पर गिर गई। लोगों ने देखा तो तुरंत महिला को सिवनी के निजी अस्पताल ले गए। वहां से जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना का वीडियो सामने आया है।

डॉक्टर के मुताबिक, महिला की मौत हार्ट अटैक से हुई है। थाना प्रभारी पंचेश्वर ने यह भी बताया कि गमगीन माहौल में परिवार के लोगों ने महिला का अंतिम संस्कार गुरुवार को कर दिया है।

Exit mobile version