जबलपुर में मुस्लिम लड़के और हिंदू लड़की की शादी पर बवाल: हिंदू संगठन ने एसपी ऑफिस घेरा, लड़की का ब्रेन वॉश कर धर्म बदलवाने का आरोप

जबलपुर डेस्क :

जबलपुर में एक मुस्लिम लड़के और हिंदू लड़की की शादी पर बवाल मच गया है। हिंदू संगठनों ने इसे लेकर लव जिहाद बताते हुए आरोप लगाए कि ब्राह्मण परिवार की बेटी का ब्रेन वॉश कर उसका धर्म परिवर्तन कराया गया है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दरअसल शादी का कार्ड सामने आने पर लड़की के परिजनों और हिंदू संगठनों ने एसपी ऑफिस का घेराव किया है।

मामला गोहलपुर के मक्कानगर का है। लड़के का नाम अयाज खान (25) और लड़की का नाम अनामिका दुबे (22) है। आरोप है कि लड़के ने पहले लड़की को प्यार में फंसाया और फिर उसका धर्म बदलवाए बिना उससे रजिस्टर्ड शादी की। इसके करीब 5 महीने बाद लड़की का धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम रीति-रिवाज से शादी की तैयारियां चल रही है।

बताया जा रहा है कि दोनों ने 4 जनवरी 2023 को विवाह अधिकारी विमलेश सिंह के दफ्तर में शादी कर ली। इसका सर्टिफिकेट भी उन्होंने ले लिया। सर्टिफिकेट पर तीन गवाहों के दस्तखत भी हैं। इसके बाद वह लड़की को लेकर चला गया। करीब पांच महीने बाद दोनों के निकाह करने का कार्ड सामने आया। जिसमें लड़की का नाम अनामिका की जगह उजमा फातिमा लिखा है। जिसे लेकर परिजन और हिंदू संगठन जबरन धर्म परिवर्तन के आरोप लगा रहे हैं।

कार्ड में अनामिका का नाम लिखा- उजमा फातिमा

लड़की अनामिका के पिता चंद्रिका प्रसाद दुबे ने बताया कि बुधवार को हिंदू संगठन के लोगों ने मुझसे संपर्क किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर दोनों के निकाह का कार्ड सामने आया है। पता चला है कि दोनों मुस्लिम रीति-रिवाज से निकाह करने की तैयारी में हैं। कार्ड में बेटी अनामिका का नाम उजमा फातिमा लिखा है। पिता का नाम भी लिखा है। निकाह की तारीख 7 जून दर्ज है। इसमें दावत भी दी गई है। यह देख हम सभी चौंक गए।

अपर कलेक्टर ने कहा- रजिस्ट्रेशन से पहले परिजनों को दी थी सूचना

इसके बाद परिजनों ने जानकारी जुटाई, तो पता चला कि दोनों जनवरी महीने में ही शादी रजिस्टर्ड करा चुके हैं। इसका सर्टिफिकेट भी वहां मिल गया। इसमें शादी की तारीख 4 जनवरी 2023 दर्ज है। अपर कलेक्टर विमलेश सिंह के मुताबिक लड़की और लड़के के परिजनों को विवाह के रजिस्ट्रेशन से पहले सूचना दी गई थी। साथ ही, थाने में भी सूचित किया गया था। वहीं, दूसरी तरफ दोनों की फोटो लगाकर बोर्ड में भी बाकायदा चस्पा किया गया था।

हिंदू संगठनों का आरोप- ब्रेनवॉश कर धर्म बदलवाया

गुरुवार को हिंदू संगठन और परिजन एसपी ऑफिस पहुंचे। यहां उन्होंने एसपी ऑफिस का घेराव कर दिया। एडिशनल एसपी प्रियंका शुक्ला को मामले की जानकारी दी। हिंदू संगठन के लोगों का आरोप है कि ब्राह्मण परिवार की बेटी का ब्रेन वॉश कर धर्म परिवर्तन किया गया है। इसके बाद अब निकाह करवाया जा रहा है। इस तरह का लव-जिहाद बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इधर, एएसपी प्रियंका शुक्ला ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

युवती की मां बोलीं- बेटी को गुमराह किया

लड़की की मां ने कहा कि उनकी बेटी को अयाज खान ले गया है। उसने अयाज के साथ कोई शादी नहीं की है। पुलिस अयाज के कब्जे से बेटी को छुड़ाकर हमें सौंपे। हमारी बेटियों को गुमराह किया जा रहा है। अनामिका की मां का कहना है कि दोनों के निकाह की जानकारी हमें नहीं दी गई। बिना हमारी जानकारी के बेटी को मुस्लिम बना दिया। ये गलत है। पुलिस को आरोपियों को खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। अब मामला सामने आने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है।

Exit mobile version