4 बच्चों को फेंककर खुद भी कुएं में कूदी महिला: आपबीती कहानी, दूसरी शादी के लिए पति ने मुझे पीटा, जहर पिलाया

न्यूज़ डेस्क :

बुरहानपुर में पति से झगड़े के बाद महिला ने चार मासूम बच्चों को कुएं में फेंक दिया। इसके बाद खुद भी छलांग लगा दी। डूबने लगी तो घबरा कर बाहर निकल आई। बड़ी बेटी को भी निकाल लिया, लेकिन दो बेटी और बेटे की मौत हो गई। महिला भी पास के खेत में ही बेहोश होकर गिर गई। पुलिस और ग्रामीणों को वह गंभीर हालत में मिली। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

होश में आने के बाद महिला ने पुलिस को चौंकाने वाली कहानी बताई है। प्रमिला बाई ने बताया कि पति रमेश ने उसके साथ मारपीट की थी। वह दूसरी औरत लाने की बात कहता है। शनिवार रात भी झगड़ा होने पर उसने मुझे पीटा था। इसके बाद उसी ने हमें कुएं में धक्का दे दिया था। मेरे बच्चे कहां हैं, मुझे पता नहीं। कुएं से मेरे साथ बड़ी बेटी घबराकर साथ में बाहर आ गई थी। बाद में पति ने मुझे जहर पिलाया। एसपी राहुल कुमार लोढ़ा के अनुसार फिलहाल महिला को आरोपी मानकर हत्या का केस दर्ज किया गया है। पढ़िए पूरी कहानी…

खेत में चलने को लेकर हुआ विवाद ​

खकनार थाना क्षेत्र के जंगल में स्थित टीकाबलड़ी फाल्या गांव। प्रमिला (35) का‎ रविवार सुबह पति के साथ विवाद हो गया था। रमेश ने पत्नी को महुआ बीनने‎ के लिए खेत पर साथ में चलने को कहा था। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। बात बढ़ने पर गुस्साई‎ प्रमिला ने मायके जाने की बात कही। इसके बाद पति घर से बाहर चला गया।

प्रमिला 6 साल की बेटी आरती, साढ़े 4‎ साल के बेटे कार्तिक, 3 साल की कृतिका और डेढ़ साल की अर्पिता को लेकर‎ सुनील पिता नामदेव के खेत पहुंची। यहां उसने‎ चारों बच्चों को कुएं में फेंका और खुद ने भी‎ छलांग लगा दी। वह डूबने लगी तो घबराकर‎ जैसे-तैसे कुएं से बाहर निकल आई। बड़ी‎ बेटी आरती को भी निकाल लिया।

दूसरे मजदूर को कुएं में दो बच्चे नजर आए

सुनील के खेत में काम करने वाली एक अन्य महिला मजदूर बच्चे को पानी पिलाने कुएं पर पहुंची। जैसे ही, उसने कुएं में झांका उसे दो बच्चे पानी में नजर आए। यह देखकर वह घबरा गई। दौड़कर वह अपने पति के पास पहुंची। उसने उसे घटना के बारे में बताया। उसके पति ने खेत मालिक को बताया। खेत मालिक ने तत्काल खकनार थाना पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने कुएं में गोताखोरों को उतारा और तीन बच्चों के शवों को बाहर निकाला। कुएं में प्रमिला की साड़ी पड़ी थी, लेकिन वह नहीं थी। इस पर पुलिस और ग्रामीणों ने उसे आसपास तलाशा। पास के नाले में मां और बेटी पड़ी मिलीं। उन्हें खकनार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

अस्पताल में उल्टियां कर रही थी, पति पर लगाया आरोप

रविवार रात पुलिस ने 9.45 बजे महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया तो वह उल्टियां कर रही थी। यहां पता चला कि उसने कीटनाशक पिया था। जब वह होश में आई तो उसने पति पर आरोप लगाया कि उसने उसे कुएं से बाहर निकल आने के बाद कीटनाशक पिलाया।

दामाद आए दिन बेटी से झगड़ता रहता था

महिला के पिता गुलाब शंकर और मां रामकुंवर बाई ने बताया कि रविवार दोपहर को दामाद ने फोन कर पूछा था कि प्रमिला आई क्या? एक घंटे बाद बताया कि कुएं में कूदकर मर गई। शनिवार को दामाद ने ही फोन कर बताया था कि उसने प्रमिला और बच्चों को घर से निकाल दिया। दामाद आए दिन बेटी से झगड़ा करता रहता है। कुछ महीने पहले ऑपरेशन से डिलीवरी के तीन दिन बाद दामाद और सास-ससुर ने बेटी के साथ मारपीट की थी। हमारी एक ही बेटी है, इसलिए उसे हर बार समझाइश देते थे।

Exit mobile version