इस साल प्रदेश में 12 साल में सबसे ठंडा नौतपा खत्म, औसत तापमान 39.2 डिग्री रहा, 9 में से 8 दिन 40 डिग्री से नीचे रहा पारा

भोपाल डेस्क :

शुक्रवार को नौतपा खत्म हो गया। 25 मई से 2 जून तक नौ दिनों में औसत तापमान 39.2 डिग्री रहा। यह 12 साल में नौतपा का सबसे कम औसत तापमान है। इस बार नौ में से आठ दिन पारा 40 डिग्री से नीचे रहा। आखिरी दिन शुक्रवार को तापमान में 0.8 डिग्री की गिरावट हुई। दिन का तापमान 39.9 डिग्री दर्ज किया गया। गुरुवार को पारा 40.7 डिग्री पर पहुंच गया था। शुक्रवार को शहर में धूप तो निकली लेकिन हल्के बादल भी छा गए थे। सुबह 11:30 बजे तक तो पारे की चाल तेज थी, लेकिन पारा 39.9 से ऊपर नहीं जा सका।

साल 2018 में सबसे ज्यादा तपा था नौतपा

मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला ने बताया कि 12 साल में 2018 में नौतपा सबसे ज्यादा तपा था। तब औसत तापमान 43.5 डिग्री रहा था। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक 2018 सबसे गर्म वर्षों में भी शामिल है। उससे पहले 2015 में नौतपा खूब तपा था। तब भी औसत तापमान 43.2 डिग्री रहा था।

इसलिए रहा ऐसा रहा नौतपा… शुक्ला ने बताया कि प्रदेश और उसके आसपास कई मौसमी सिस्टम बने। इनके कारण बादल छाए और बारिश हुई। तेज हवा भी चली।

Exit mobile version