बीजेपी विधानसभा चुनाव का शंखनाद: ‘अबकी बार 200 पार’ का नारा; 50% वोट शेयर का टारगेट

भोपाल डेस्क :

गुजरात चुनाव के नतीजों के बाद BJP ने मध्यप्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है। सत्ता-संगठन में बड़े बदलाव और फेरबदल की सुगबुगाहट के बीच पार्टी के सीनियर लीडर्स ने गुजरात फॉर्मूला MP में भी लागू करने के संकेत दिए हैं। कटनी में शनिवार को आयोजित पार्टी की बड़ी मीटिंग में पहली बार नेताओं ने ‘अबकी बार 200 पार’ का नारा दिया। वहीं, 50% वोट शेयर का टारगेट रख कार्यकर्ताओं को मैदान में उतरने की सलाह दी है। बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय समेत मप्र के नेता शामिल हुए।

मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी गुजरात फाॅर्मूला भी अपना सकती है। जिसमें सिटिंग विधायकों के टिकट कटते और सत्ता-संगठन में बड़े बदलाव किए गए थे। हालांकि, इस बदलाव के बारे में पार्टी के नेता खुलकर नहीं कह रहे हैं। सीएम ने भी पार्टी नेताओं को संबोधित किया।

गुजरात में 53% वोट शेयर, मप्र में 50% टारगेट
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि गुजरात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में सरकार बनी है। किसी भी राज्य में इतनी बड़ी प्रचंड जीत पहले कभी नहीं मिली। गुजरात चुनाव में 53% वोट शेयर मिला है। मध्यप्रदेश में भी हम इस दिशा में बढ़ रहे हैं। विधानसभा चुनाव-2023 में 50% से ज्यादा वोट शेयर का टारगेट है। वोट शेयर का संकल्प पूरा करते हुए गुजरात की जीत को मध्यप्रदेश में भी दोहराएंगे।

पहली बार सीटों पर बोले नेता
अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में पहली बार बीजेपी के सीनियर लीडर्स ने सीटों को लेकर खुलकर बात की। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि यह बैठक 2023 का शंखनाद है। यहां से हम ‘अबकी बार 200 पार’ का संकल्प लेकर राजनीतिक इतिहास बनाएंगे।

गुजरात में 37 सीटों का टारगेट मिला था, 35 जीते
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने बताया कि गुजरात चुनाव में मध्यप्रदेश संगठन को 37 सीटों की जबावदारी मिली थी। प्रदेश के 90 कार्यकर्ताओं की टीम ने इस सीटों पर चुनाव की कमान संभालते हुए 35 सीटों पर जीत हासिल की।

विजयवर्गीय बोले- भाजपा पर बढ़ा है विश्वास
बैठक में कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की नीतियों के कारण जनता का भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास बढ़ा है। प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की ऐसी योजनाएं हैं, जिनका अनुसरण अनेक राज्यों ने किया है। हमारे पास कार्यकर्ताओं का बूथ स्तर तक मजबूत तंत्र है। इन सबके साथ हमारे सामने कुछ चुनौतियां हैं, जिन्हें हमें दूर करना है। सरकार की नीतियों एवं संगठन तंत्र की मजबूती के कारण आने वाले चुनाव में हमें 200 पार सीटें जीतने से कोई नहीं रोक सकता।

प्रदेश प्रभारी बोले- हम लक्ष्य को पूरा करेंगे
प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा कि मध्यप्रदेश की पहचान आज देशभर में आदर्श राज्य के रूप में है। सरकार, संगठन, कार्यकर्ता और जनता की दृष्टि से हमारे प्रदेश की पहचान अन्य राज्यों से अलग है। मध्यप्रदेश में सरकार और संगठन बेहतर समन्वय के साथ काम करती है। हमें इसी विशिष्ट पहचान को बनाए रखना है। हम पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने वाले कार्यकर्ता हैं।

हमारे प्रदेश और जिला पदाधिकारी संगठन विस्तार में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। यह भूमिका और अधिक बढ़ने वाली है। क्योंकि हमारे सामने 51 प्रतिशत से अधिक वोट शेयर को बढ़ाने और 200 पार विधानसभा सीट जीतने का असाधारण लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए बूथ कार्य विस्तार योजना भी प्रारंभ होने वाली है। उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश में जो अनुकूल परिस्थितियां हैं, उसे देखकर कहा जा सकता है कि हम अपने लक्ष्य को अवश्य ही पूर्ण करेंगे।

ये सीनियर नेता भी रहे मौजूद
केंद्रीय फग्गन सिंह कुलस्ते, राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया ने भी संबोधित किया।

Exit mobile version