राघौगढ़ किले की ‘छोटी रानी’ मांग रहीं लक्ष्मण को वोट: भाजपा प्रत्याशी अलग तरीके से कर रहीं प्रचार, आप कैंडिडेट क्षेत्र में पहुंचीं

गुना डेस्क :

गुना जिले की चांचौड़ा विधानसभा से प्रत्याशियों की स्थिति साफ हो गयी है। कांग्रेस से लक्ष्मण सिंह मैदान में हैं, तो वहीं भाजपा ने प्रियंका पेंची को प्रत्याशी बनाया है। मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस में ही है। आम आदमी पार्टी से पूर्व विधायक ममता मीना प्रत्याशी बनकर आयी हैं। पहली बार राघोगढ़ किले की ‘छोटी रानी’ अपने पति के लिए प्रचार कर रही हैं। वह अलग-अलग गांव में दौरा कर रही हैं। वहीं बाकि दोनों प्रत्याशी खुद अपने-अपने प्रचार की जिम्मेवारी संभाल रही हैं।

चांचौड़ा से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह मैदान में हैं। वह पहले से ही क्षेत्र में जनसंपर्क कर रहे थे। पिछले एक हफ्ते से उनकी पत्नी और किले की ‘छोटी रानी’ रुबीना सिंह भी प्रचार के लिए निकली हैं। यह पहला मौका है जब किले की रानी चुनाव प्रचार में निकली हैं। रुबीना सिंह विधानसभा क्षेत्र के गांव का दौरा कर पति के समर्थन में वोट देने की अपील कर रही हैं। मंगलवार को वह कुम्भराज इलाके में प्रचार करने निकलीं। उन्होंने सागर का डेरा, धाम वाला डेरा, महुआ वाला डेरा सहित कई गांव में प्रचार किया।

भाजपा प्रत्याशी अलग अंदाज में कर रहीं प्रचार

भाजपा ने इस बार नए चेहरे पर भरोसा जताया है। पार्टी ने प्रियंका पेंची को यहां से प्रत्याशी बनाया है। उनका टिकट पहली लिस्ट में ही हो गया था। तभी से वह क्षेत्र में प्रचार कर रही हैं। उनका प्रचार करने का तरीका अलग है। वह कभी प्रजापति समाज के साथ मिट्टी के दिये बनाती नजर आती हैं, तो कभी खेतों में सोयाबीन काटती हुई दिखाई देती हैं। महिलाओं के साथ बैठकर रंगोली बनाती हैं, तो कभी घांस काटने वाली मशीन से घांस काटते हुए दिखाई देती हैं। हफ्ते में पांच दिन वह विधानसभा के पांचों मंडल में एक एक दिन प्रचार कर रही हैं।

आप प्रत्याशी भी मैदान में

आम आदमी पार्टी से प्रत्याशी बनाई गईं ममता मीना भी क्षेत्र में लगातार दौरे कर रही हैं। उनके पति रिटायर्ड IPS रघुवीर मीना भी जनसंपर्क कर रहे हैं। पति-पत्नी अलग-अलग इलाकों में प्रचार करने निकल रहे हैं। मंगलवार को ममता मीना मृगवास मंडल के दौरे पर रहीं। इस दौरान उन्होंने लगभग 14 गांव का दौरा किया। हालांकि, वह एक झांकी में राजनैतिक भाषण करती दिखीं, जिन पर क्षेत्र के कुछ लोगों ने आपत्ति उठायी है।

Exit mobile version