न्यूज़ डेस्क

MP के बुरहानपुर में अचानक मौसम बदला, तेज आंधी से गिरा BSNL का टॉवर: इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के 3 कर्मचारी घायल

न्यूज़ डेस्क :

मध्यप्रदेश के बुरहानपुर में तेज आंधी से BSNL का टॉवर गिर गया। टॉवर सीधे एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम पर जा गिरा। जिससे वहां काम कर रहे 3 कर्मचारी घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

BSNL का ये टॉवर शहर के लालबाग रोड पर सुभाष स्कूल के सामने बीएसएनएल कार्यालय में लगा था। शाम करीब साढ़े 6 बजे तेज आंधी चली। जिससे टॉवर दफ्तर के पीछे बने इलेक्ट्रॉनिक शोरूम पर गिरा। टॉवर गिरने का वीडियो भी सामने आया है।

BSNL कार्यालय के पीछे है मार्केट और औद्योगिक क्षेत्र

बीएसएनएल दफ्तर के ठीक पीछे मार्केट और औद्योगिक क्षेत्र हैं। जहां कुछ प्लास्टिक निर्माण कंपनी के कारखाने हैं। जिस जगह टावर गिरा वहां इलेक्ट्रानिक शोरुम है। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई। हालांकि आसपास में कोई नुकसान नहीं हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। साथ ही लोगों भीड़ भी जमा हो गई।

शाम 6 बजे से मौसम का मिजाज बदला

बुरहानपुर में शाम करीब 6 बजे से तेज हवाएं चलने लगी। कुछ देर बारिश भी हुई। तेज हवाएं चलने से कई जगहों पर पेड़ भी गिरे। अंडा बाजार में रात 8 बजे एक गुलमोहर का पेड़ गिर गया। इससे पहले अन्य जगह पर भी पेड़ गिरने की घटनाएं हुई। बिजली कंपनी ने सुरक्षा के लिहाज से बिजली की सप्लाई बंद कर दी। करीब एक घंटे के बाद बिजली सेवा बहाल की गई।

MP में मानसून की एंट्री खंडवा, खरगोन-बुरहानपुर के रास्ते!

मध्यप्रदेश में मानसून की एंट्री खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर के रास्ते हो सकती है। पिछले साल भी मानसून यहीं से आया था। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो 18 से 20 जून के बीच मानसून प्रदेश में एक्टिव हो सकता है। बड़े शहरों में इंदौर-भोपाल में सबसे पहले आएगा। फिर जबलपुर और ग्वालियर में बादल बरसेंगे। 3 जून से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव होने से गर्मी का असर नहीं रहेगा, जिससे टेम्प्रेचर में गिरावट होगी।

सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि अबकी बार एमपी के साउथ वेस्ट और साउथ ईस्ट से मानसून एंट्री करेगा। पिछले साल खंडवा, खरगोन के रास्ते मानसून ने एंट्री की थी। इस बार भी यही संभावना है।

शुक्रवार को मध्यप्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर रहा। सागर में 8 मिमी बारिश हुई, जबकि भोपाल-इंदौर और ग्वालियर में तापमान 40 डिग्री के नीचे रहा। हालांकि, जबलपुर समेत 12 शहर ऐसे रहे, जहां तापमान 40 डिग्री के पार रहा। सबसे ज्यादा तापमान खंडवा-खजुराहो में 41.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 3 जून से प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होगा। इससे भोपाल और उज्जैन संभाग के कई जिलों में बारिश का अनुमान है।

जानिए, चार बड़े शहरों में मानसून की एंट्री कब…

दो बार जुलाई में आया मानसून…इस बार ऐसा नहीं
भोपाल स्थित क्षेत्रीय कार्यालय ने जून का फोरकास्ट जारी किया है। मौसम के जून के ट्रेंड देखें तो भोपाल, इंदौर, जबलपुर-ग्वालियर में से सबसे पहले इंदौर में मानसून पहुंचा है। वर्ष 2014 में मानसून ने जुलाई में प्रवेश किया था। तब 7 जुलाई को भोपाल और 10 जुलाई को इंदौर-ग्वालियर में मानसून आया था। इसके बाद वर्ष 2019 में भी भोपाल-ग्वालियर में मानसून जुलाई में आया था। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार 20 जून तक मानसून प्रवेश कर सकता है, इसलिए प्रदेशभर में जून महीने में ही एक्टिव हो जाएगा।

जून में इतना रहा तापमान…
जून के पहले सप्ताह में गर्मी का असर तेज रहता है। पिछले 10 साल के आंकड़े देखें, तो तापमान 46 डिग्री के पार पहुंच चुका है। सबसे ज्यादा गर्म खजुराहो, टीकमगढ़, भिंड, मुरैना, मंदसौर, रतलाम आदि जिले रहे। यदि बड़े शहर भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर पर नजर दौड़ाई जाए, तो यहां भी पारा 45-46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

भोपाल में पिछले 3 साल से कम तापमान
भोपाल में पिछले 3 साल से जून में सबसे कम गर्मी पड़ी। वर्ष 2013 से 2022 तक के आंकड़ों के अनुसार, 1 और 5 जून 2013 को पारा 42.6 डिग्री था। इसके बाद तापमान में लगातार बढ़ोतरी हुई, जो 45.4 डिग्री तक पहुंच गया। वर्ष 2020 से तापमान में गिरावट होने लगी। 2020-21 में तापमान 40 डिग्री के आसपास रहा, लेकिन पिछले साल 6 जून को पारा सबसे ज्यादा 43.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

13 साल में 3 बार ही 20 जून के बाद मानसून की एंट्री

पिछले 13 साल के आंकड़ों पर नजर डालें, तो दो बार ही मानसून 20 जून के बाद मध्यप्रदेश में एंटर हुआ है। वर्ष 2017 में 22 जून, 2018 में 26 जून और 2019 में 24 जून को मानसून की एंट्री हुई थी। 13 साल में 2013 और 2021 को मानसून 10 जून को आया था। पिछले साल 2022 में प्रदेश में 16 जून को मानसून की एंट्री हो गई थी, जबकि 14 अक्टूबर को विदाई हुई थी। भोपाल में 20 जून को मानसून आ गया था। 1 जुलाई को प्रदेश में मानसून पहुंच गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!