सीहोर पूर्व cm ने मीडिया से कहा – जनता वोट देना चाहती हैं, लेकिन हमारा संगठन कमजोर: दिग्विजय बोले- पोलिंग के दिन भी इलेक्शन मैनेजमेंट में कमी रहती है…

सीहोर डेस्क :

हमें यह स्वीकार करने में कहीं भी ऐतराज नहीं है कि हमारी कांग्रेस पार्टी का संगठन जैसा होना चाहिए, वैसा नहीं है। हमारा जो इलेक्शन मैनेजमेंट है, पोलिंग के दिन उसमें भी भारी कमी रहती है। उस प्रकार की तैयारी हमारी नहीं रहती है जैसी होना चाहिए। जनता हमें वोट देना चाहती है, लेकिन हमारे संगठन की कमी की वजह से पूरा नहीं कर पाते हैं। इसलिए कमलनाथ जी ने पूरे प्रदेश की विधानसभा सीटों को सही तरीके से सेक्टर-मंडल में बांटा है। विधानसभा क्षेत्र की हारी हुईं सीटों पर प्रदेश भर में दौरा कर रिपोर्ट तैयार कर कमलनाथ को सौंपी जाएगी।’ – ये कहना है पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बुधवार को सीहोर पहुंचे थे। यहां उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि ‘मध्यप्रदेश में 2018 में हुए चुनाव में कांग्रेस की सरकार बन गई थी, लेकिन कुछ लोग बिक गए। जो गरीब विधायक थे वे नहीं बिके, लेकिन जो राजा महाराजा टाइप के लोग थे वे बिक गए। जिसके कारण सरकार चली गई। अगर कांग्रेस पार्टी के सभी लोग एकजुट होते तो किसानों का कर्जा माफ हो जाता। बिजली की दरें भी नहीं बढ़ती। इस बार फिर से जनता परिवर्तन चाहती है। इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार मध्यप्रदेश में बनेगी।

हारने वाली सीटों का दौरा कर रहे हैं पूर्व मुख्यमंत्री

दिग्विजय सिंह ने बताया कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस को लगातार पराजय मिल रही है, उन विधानसभा क्षेत्रों में जाकर वह स्वयं कार्यकर्ताओं की बात सुन रहे हैं। कांग्रेस के कार्यकर्ता पूरी तरह एकजुट है और चुनाव के लिए जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि मतदान के दिन कांग्रेस इतनी मेहनत नहीं कर पाती है। जितनी करनी चाहिए लेकिन इस बार पूरी मेहनत की जाएगी।

अतीक हत्याकांड पर सवाल उठाए

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि अतीक और उसका परिवार घोर अपराधी परिवार रहा है, और वह माफिया डॉन की तरह काम करता था। उसके बेटे का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। लेकिन वो व्यक्ति दो महीने से कह रहा था कि मुझे मार दिया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट तक गया। जिसकी हिफाजत के लिए निर्देश दिए गए थे। इसलिए सब पूछ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाए कि आखिर अतीक को रात 10 बजे मेडिकल चेकअप के लिए क्यों ले जाया गया? जब गाड़ियां अस्पताल के गेट तक चली जाती हैं तो उसे गेट के बाहर क्यों उतारा गया? पुलिस AK-47 बंदूक लेकर खड़ी रही।

मीडिया को बदनाम किया गया

दिग्विजय सिंह ने कहा अतीक मामले में मीडिया की बदनामी हुई है। जब अतीक को अहमदाबाद की साबरमती जेल से प्रयागराज ले जाया गया तो उसे पेशाब करते समय भी मीडिया ने दिखाया। लेकिन प्रयागराज में फर्जी आइडेंटिटी कार्ड लेकर लड़के वहां से गुजरते हैं, उनकी कोई चैकिंग नहीं होती है और वे बगल में आकर मार देते हैं।

एमपी में पुलिस पर हो रहे हमले चिंताजनक

दिग्विजय सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा के शासन में पुलिस और अधिकारियों के ऊपर लगातार हमले हो रहे हैं जो चिंताजनक है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में भाजपा की सरकार फंसा रही है। ऐसे कार्यकर्ताओं के मुकदमे लड़ने के लिए कांग्रेस वकील उपलब्ध कराएगी।

लहार में अतिक्रमण हटाने गए अधिकारियों पर भाजपाईयों ने हमला किया

दिग्विजय सिंह ने कहा कि लहार में अतिक्रमण हटाने गए अधिकारियों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमला किया। उन पर पुलिस कार्रवाई करे अन्यथा पूरे मध्यप्रदेश में कांग्रेस आंदोलन करेगी। दिग्विजय सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के बयान पर भाजपा झूठा प्रचार कर रही है कि कांग्रेस ने पिछड़ा वर्ग का अपमान किया है, जबकि पैसा लेकर भागने वालों में कोई भी पिछड़ा वर्ग का व्यक्ति नहीं है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले लोग भाजपा से जुड़े हुए ही सामने आए हैं। लेकिन उन लोगों पर राष्ट्रद्रोह की कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

Exit mobile version