स्कूल बस पलटी: इंदौर से 55 बच्चे पिकनिक मनाने जा रहे थे महेश्वर; 15 से ज्यादा घायल, एक का हाथ कटा

इंदौर डेस्क :

इंदौर से पिकनिक पर महेश्वर जा रही एक स्कूली बस महू-मंडलेश्वर मार्ग पर जाम गेट के पास पलट गई। हादसे में एक बच्चे का हाथ कोहनी के नीचे से कट कर अलग हो गया। उसे महू के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं 15 से अधिक बच्चे घायल हो गए। इनमें 4 से 5 की हालत गंभीर है। घटना मंडलेश्वर थाना क्षेत्र की है। घटना के बाद ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए।

तेज रफ्तार में थी बस, 55 बच्चे थे सवार

इंदौर के नव आदर्श विद्या निकेतन स्कूल के बच्चे रविवार को 7 से 8 बसों में पिकनिक मनाने महेश्वर जा रहे थे। इसी दौरान जाम गेट के घाट पर एक बस मोड़ पर असंतुलित होकर पलट गई। बस काफी स्पीड़ में थी। लोगों ने बताया कि जहां हादसा हुआ है, वहीं पास में खाई भी है। गनीमत यह रही कि बस खाई में नहीं गिरी। बस में 55 बच्चे सवार थे।

10वीं के छात्र का हाथ कोहनी के नीचे से कटा

हादसे में जिस बच्चे का हाथ कट कर अलग हुआ है, उसका नाम शुभम ठाकुर है। वह इंदौर का रहने वाला है और 10वीं क्लास में पढ़ता है। बस हादसे में घायल बच्चों में से 12 बच्चों को महू के सिविल अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया है। चार महिला शिक्षक भी घायल हुई है, जिनका इलाज भी सिविल अस्पताल में चल रहा है। गंभीर घायल चार बच्चों को इंदौर रेफर किया है।

मना करने के बाद भी तेज बस चलाने लगा ड्राइवर

बस में सवार छात्र आदर्श गुर्जर ने बताया कि सभी बच्चे ड्राइवर को धीरे बस चलाने का बोल रहे थे। इतना ही नहीं बस में बैठी शिक्षिकाएं भी कई बार ड्राइवर को मना कर चुकी थी कि बस धीरे चलाओ। उसके बाद भी ड्राइवर नहीं माना। जाम गेट के अंदर मोड़ पर बस पलटी खा गई। आदर्श ने बताया वह तो हम बच गए, वरना बस सीधे खाई में गिर रही थी। हमारे स्कूल के एक बच्चे का हाथ भी ड्राइवर की लापरवाही के चलते कट गया।

Exit mobile version