राहुल की भारत जोड़ो यात्रा: खेत में बने घर की छत पर पी चाय, रात में देखा फुटबॉल मैच, एंबुलेंस की दिया रास्ता

न्यूज़ डेस्क :

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का आज राजस्थान में तीसरा दिन है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने हाड़ौती की सियासत को गरमा ​दिया है। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के क्षेत्र से निकलकर अब यात्रा कोटा जिले में चल रही है। सुबह करीब 6 बजकर 5 मिनट पर यात्रा शुरू हुई। यात्रा 7 बजे तक करीब 5 किलोमीटर चल चुकी थी। राहुल गांधी ने जैसलमेर-बाड़मेर से आए मांगणियार लोक कलाकारों से चर्चा की।

आज राहुल गांधी की यात्रा दर्रा कोटा नेशनल हाईवे पर चल रही है। यात्रा की स्पीड आज तेज है, क्योंकि यहां आबादी क्षेत्र नहीं है। इस बीच राहुल की यात्रा में एंबुलेंस को रास्ता दिया गया। एंबुलेंस मरीज को लेकर कोटा जा रही थी।

खेत पर बने मकान की छत पर किया नाश्ता
राहुल गांधी करीब 10 किलोमीटर चलने के बाद गोपालपुरा गांव में खेत पर बने मकान में नाश्ते के लिए रुके। कांग्रेस नेता और पूर्व उपप्रधान अशोक मीणा के खेत पर बनाए मकान की छत पर राहुल गांधी ने नाश्ता किया और चाय पी।

राजस्थान कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा आज कुछ देर बाद राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होंगे। रंधावा देर रात 3 बजे कोटा पहुंच गए थे। राजस्थान प्रभारी बनने के बाद पहली बार राहुल गांधी से मिलेंगे।

सीएम अशोक गहलोत को लगातार लेटर लिखकर नाराजगी जताने वाले कांग्रेस के सांगोद विधायक भरत सिंह के क्षेत्र से आज यात्रा निकल रही है। जिस दरा क्षेत्र से यात्रा की शुरुआत हुई है, वह सांगोद विधानसभा क्षेत्र का इलाका है। भरत सिंह की खान मंत्री प्रमोद जैन और यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल से नहीं बनती। भरत सिंह सीएम अशोक गहलोत को लगातार लेटर लिखकर मंत्रियों की शिकायत करने के अलावा कई मुद्दों पर नाराजगी जताते रहे हैं।

राहुल की नाराजगी के बावजूद पुलिस की सख्ती बरकरार
राहुल गांधी भारत यात्रा के दौरान अलग अलग प्रोफेशन से जुड़े लोगों से बातचीत कर रहे हैं। उधर राहुल गांधी से मिलकर ज्ञापन देने वाले लोगों पर पुलिस की निगाह है। कोटा सिटी एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को लिखित निर्देश जारी करके राहुल गांधी की यात्रा के दौरान विरोध प्रदर्शन करने वालों और ज्ञापन देने वालों पर विशेष निगरानी रखने को कहा है।

अपनी समस्याओं को लेकर राहुल गांधी से मिलकर ज्ञापन देने वालों पर निगरानी बढ़ाने के आदेश दिए हैं। राहुल गांधी ने राजस्थान में यात्रा की एंट्री के साथ ही भारी पुलिस जाप्ता लगाने पर नाराजगी जताई थी।

Exit mobile version