विदिशा में मजदूर की बेटी ने लौटाई बारात: सीहोर में 5 लाख रु. नहीं देने पर बारातियों ने लड़कीवालों को पीटा

विदिशा डेस्क :

सीहोर में दूल्हे ने दहेज में कार और 5 लाख नकद मांगे तो दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। जिसके बाद बारातियों ने मारपीट कर दी। घटना मंगलवार रात की है। आज दोपहर में दुल्हन थाने पहुंची और दूल्हे और उसके परिजन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

दुल्हन प्रिया ने बताया, रिश्ता तय होने के बाद सबकुछ ठीक चल रहा था। शादी से पहले की सभी रस्में अच्छे से हुईं। आखिरी तक दूल्हा या उनके घरवालों ने कोई डिमांड नहीं की। 23 अप्रैल को देर शाम बारात आई। बाराती तो नशे में धुत थे ही, दूल्हे ने भी जमकर पी रखी थी। इसके बावजूद पिता और भाई ने उनका आदर-सत्कार किया। इस दौरान उन्होंने दहेज की मांग कर दी। मुझे पता चला तो मैं दुल्हन के लिबास में ही बाहर आई और शादी से मना कर दिया।

मांग पूरी नहीं की तो बारातियों ने पीटा

दुल्हन के पिता अजब सिंह सूर्यवंशी ने बताया, विदिशा के ग्यारसपुर के रहने वाले घनश्याम अहिरवार से बेटी प्रिया का रिश्ता तय किया था। मंगलवार देर शाम बारात आई। दूल्हा समेत बारातियों ने जमकर शराब पी रखी थी। रात 11 बजे बारात घर पर लगी। जब हमने उनका स्वागत किया तो वे अभद्र व्यवहार करने लगे।

तिलक के दौरान 21 हजार देने पर दूल्हा भड़क गया। उन्होंने कार और 5 लाख नकद की मांग की। मैंने कहा- दहेज को लेकर तो हमारी कोई बात नहीं हुई थी। हम अपनी हैसियत के हिसाब से आपको सबकुछ दे रहे हैं। बेटी को बात पता चली तो उसने मंडप में आकर शादी करने से मना कर दिया।

बाराती बोले- शादी भी होगी और दहेज भी ले जाएंगे

दुल्हन प्रिया ने बताया, मैंने शादी करने से मना किया तो दूल्हा और बाराती भड़क गए। कहने लगे- शादी कैसे नहीं करोगी देखते हैं। शादी भी होगी और दहेज भी लेकर जाएंगे। इस पर पिता जी ने कहा – लड़की ने मना कर दिया तो अब शादी नहीं होगी। यह सुनते ही बारातियों ने मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने धमकी दी कि बाहर नजर आए तो जान से खत्म कर देंगे।

दुल्हन बोली- पिता के नुकसान की भरपाई हो

प्रिया का कहना है कि शादी में हमारा जो भी नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई की जाए। पिता ने मेहनत मजदूरी कर जो कुछ बचाया था, वह सब मेरी शादी में लगा दिया। पुलिस इन पर सख्त से सख्त कार्रवाई करे। मेरी जिंदगी तो बर्बाद होने से बच गई, फिर ये किसी और की जिंदगी बर्बाद नहीं कर पाएं।

कोतवाली थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार मालवीय ने बताया, दहेज को लेकर वर और वधु पक्ष के बीच विवाद हुआ था। मामले में दोनों पक्ष के 6 लोग मामूली तौर पर घायल हुए हैं। लड़की की शिकायत पर दूल्हे और बारातियों पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।

Exit mobile version