27 साल बाद मिली मेजबानी, मिस वर्ल्ड 2023 प्रतियोगिता भारत में होगी: ऑर्गनाइजेशन की चे​​​​​​​यरपर्सन बोलीं- दुनिया को दिखाएंगे भारतीय सभ्यता और संस्कृति

नई दिल्ली डेस्क :

मिस वर्ल्ड 2023 इस बार भारत में होगा। ये जानकारी मिस वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन ने दी है। प्रतियोगिता में 130 देशों की सुंदरियां भाग लेंगी। एक महीने तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का फाइनल राउंड नवंबर- दिसंबर में होगा।

यह दूसरा मौका है, जब भारत को मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। पहली बार 1996 में भारत में इस प्रतियोगिता का आयोजन हुआ था।

मिस वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन की चेयरपर्सन और CEO जूलिया मॉर्ले ने गुरुवार को दिल्ली में कहा- मुझे ये बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि मिस वर्ल्ड का 71वां एडिशन भारत में होगा। मैं 30 साल की थी तब भारत आई थी और तब से मुझे भारत और यहां के लोगों से काफी लगाव है।

उनके साथ मिस वर्ल्ड 2022 कैरोलिना बिलावस्का भी मौजूद रहीं।

ऑर्गनाइजेशन की चेयरपर्सन ने कहा- भारत के कल्चर को दुनिया से रुबरू कराएंगे
जूलिया मॉर्ले ने कहा- भारत एक आकर्षक देश है। यहां की सभ्यता और संस्कृति में काफी विविधता है। यहां के लोकेशन भी अपने आप में आकर्षित करने के लिए काफी हैं। यहां की सभ्यता और संस्कृति को हम पूरी दुनिया से परिचय कराएंगे। इस प्रतियोगिता में 130 देशों के चैम्पियन एक महीने तक अपने कला का प्रदर्शन करेंगे।

नंदिनी गुप्ता होंगी भारत की प्रतियोगी
मिस वर्ल्ड-2023 प्रतियोगिता में नंदिनी गुप्ता भारत की तरफ से भाग लेंगी। वे 19 साल की हैं और राजस्थान के कोटा की रहने वाली हैं। इस साल मिस इंडिया कॉन्टेस्ट में उनके सिर ताज सजा था। नंदिनी अभी मुंबई के एक कॉलेज से बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रही हैं। वे सेकेंड ईयर में हैं।

भारत की छह सुंदरियां बनीं मिस वर्ल्ड
भारत की छह सुंदरियां मिस वर्ल्ड का ताज जीत चुकी हैं। पहली बार 1966 में रीता फारिया ने मिस वर्ल्ड का ताज जीता था।

उसके बाद 1994 में ऐश्वर्या राय ने इस प्रतियोगिता को अपने नाम किया। 1997 में डायना हेडन ने ये ताज पहना। युक्ता मुखी ने 1999 में मिस वर्ल्ड का ताज जीता था। 2000 में प्रियंका चोपड़ा और मानुषी छिल्लर ने 2017 में मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया।

Exit mobile version