देश के 10 सर्वश्रेष्ठ थानों में देवास थाना सिविल लाइन शामिल: MP के 3 थाने देश के टॉप 100 थानों में शुमार किए गए

भोपाल डेस्क :

मध्य प्रदेश के थाना सिविल लाइन, जिला देवास को देश के 10 सर्वश्रेष्ठ थानों में चुना गया है। अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था की स्थिति, पुराने मामलों के निपटारे, सामुदायिक पुलिसिंग, अपराधों की दोषसिद्धि और मैदानी सर्वे के आधार पर किए गए मूल्यांकन के बाद थाना सिविल लाइन, देवास को देशभर के 16955 थानों में से दसवां स्थान प्राप्त हुआ है। इसकी घोषणा पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (बीपीआरडी) ने अखिल भारतीय पुलिस महानिदेशक सम्मेलन, नई दिल्ली में की।

जिसमें डीजीपी सुधीर कुमार सक्सेना भी शामिल हुए थे। बता दें कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय की ओर से हर साल देश के सभी थानों का मूल्यांकन कर, दस सर्वश्रेष्ठ थानों का चयन किया जाता है। वर्ष 2023 में थाना सिविल लाइन, जिला देवास को देश के 10 सर्वश्रेष्ठ थानों में चयनित किया गया है।

राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (एससीआरबी) के एडीजी चंचल शेखर ने बताया कि गृह मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से सर्वश्रेष्ठ थानों का चयन किया जाता है। सर्वप्रथम आपराधिक आंकड़ों और महिलाओं, कमजोर वर्ग, संपत्ति संबंधी अपराध तथा गुमशुदा व अज्ञात शवों की पहचान के प्रयासों के निराकरण के आधार पर देश के 100 थानों का चयन किया गया।

टॉप 100 की लिस्ट में डिंडौरी और दतिया भी शामिल

मूल्यांकन के बाद देश के टॉप 100 थानों की लिस्ट में मध्य प्रदेश से 3 सर्वश्रेष्ठ थाने डिंडौरी, दतिया और देवास चयनित किए गए थे। इसमें से थाना सिविल लाइन, देवास का देश के टॉप दस थानों में चयन किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर थाना सिविल लाइन, जिला देवास ने देश के सभी थानों में दसवां स्थान हासिल किया है।

समझें सिलेक्शन की प्रक्रिया क्या है

चयनित किए गए सभी थानों का मूल्यांकन उनके वार्षिक अभिलेख एवं मैदानी सर्वेक्षण के आधार पर किया जाता है। जिसमें अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था की स्थिति, पुराने मामलों के निपटारे, सामुदायिक पुलिसिंग, अपराधों की दोषसिद्धि एवं गृह मंत्रालय द्वारा चयनित स्वतंत्र टीम द्वारा थाना क्षेत्र के लोगों, व्यापारियों, शिकायकर्ताओं से पूछताछ कर मूल्यांकन किया जाता है।

Exit mobile version