ट्रेन के प्राइवेट कोच में कॉफी बनाते समय सिलेंडर फटा आग लगी, 9 मौत: UP के 63 लोगों ने तीर्थयात्रा के लिए बुक किया था

न्यूज़ डेस्क :

तमिलनाडु के मदुरै रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के प्राइवेट कोच में आग लग गई। शनिवार तड़के हुए हादसे में UP के 9 तीर्थ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 50 लोग झुलस गए। प्राइवेट कोच में UP के 63 तीर्थयात्री सफर कर रहे थे। हादसे के वक्त कोच यार्ड में खड़ा था। यह कोच 17 अगस्त को लखनऊ जंक्शन से रवाना हुआ था। कोच को रविवार को चेन्नई से लखनऊ लौटना था।

मदुरै कलेक्टर एमएस संगीता ने बताया कि कोच में सभी UP के तीर्थयात्री थे। इस कोच को मदुरै में दो दिन तक रुकना था। यात्रियों ने आज सुबह कॉफी बनाने के लिए स्टोव जलाया, तो सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया।

मृतकों में लखनऊ, सीतापुर और लखीमपुर के लोग
मृतकों में छह लोगों का नाम-पता चला है। इनमें शत्रुदमन सिंह निवासी सीतापुर, मिथिलेश कुमारी निवासी सीतापुर, शांति देवी निवासी लखीमपुर, मनोरमा अग्रवाल निवासी लखनऊ, हिमानी बंसल निवासी लखनऊ और परमेश्वर दयाल शामिल हैं। परमेश्वर का पता कन्फर्म नहीं है।

सुबह 5.15 बजे लगी आग
रेलवे के मुताबिक, हादसा मदुरै यार्ड पर खड़े कोच में सुबह 5.15 मिनट पर हुआ। 5 बजकर 45 मिनट पर फायर टीम पहुंची और 7 बजकर 15 मिनट पर आग बुझा ली गई। ये प्राइवेट कोच शुक्रवार को नागरकोल जंक्शन पर पुनालूर-मदुरै एक्सप्रेस (16730) में जोड़ा गया था। ट्रेन सुबह 3 बजकर 47 मिनट पर मदुरै रेलवे स्टेशन पहुंची थी। वहां इस कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया।

सिलेंडर लेकर सफर कर रहे थे यात्री
कोच में आग लगने का मुख्य कारण सिलेंडर रहा, जिसे अवैध तरीके से ले जाया जा रहा था। रेलवे के अनुसार, IRCTC से कोई भी कोच की बुकिंग कर सकता है, लेकिन सिलेंडर ले जाने पर रोक है। इसके बावजूद सिलेंडर लेकर कोई यात्री सवार हुआ। घटना वाली जगह पर DRM समेत रेलवे के अधिकारी मौके पर हैं। झुलसे लोगों को गवर्नमेंट राजाजी कॉलेज मदुरै में भर्ती करवाया गया है।

लोग बचाओ-बचाओ चीख रहे
हादसे से जुड़े दो वीडियो सामने आए हैं, जिसमें एक महिला और कई यात्री बचाओ-बचाओ चीख-चिल्ला रहे हैं। थोड़ी देर बाद ये आवाज शांत हो जाती है। फायर एक्सटिंग्विशर और पानी की बौछारें रेलवे कर्मी डाल रहे हैं, लेकिन, उसका असर आग पर नहीं हो रहा।

मृतकों के परिवार को 15 लाख रुपए मुआवजा
आग की लपटें बढ़ती देख रेलवे ने फौरन अलग-बगल की बोगियों को अलग किया, जिससे कि आग दूसरी बोगियों में न फैल सके। आग से एक बोगी पूरी तरह जल चुकी है। मृतकों के परिवार को कुल 15 लाख मुआवजे का ऐलान हुआ है। जिनमें रेलवे 10 लाख, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन 3 लाख और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2 लाख रुपए का ऐलान किया।

जहां से टिकट बुक हुए थे, उस ट्रैवल एजेंसी के कर्मचारी अंकुर ने बताया, ”17 अगस्त को सीतापुर से रामेश्वरम के लिए टूर गया था। कुल 63 यात्री थे। 30 अगस्त को वापसी थी। हादसे में सीतापुर के आदर्श नगर निवासी एक महिला मिथलेश चौहान और पुरुष शत्रुदमन सिंह तोमर की भी मौत हुई है।”

CM योगी ने रेल मंत्री से ली जानकारी
हादसे पर UP के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया है। मृतकों के परिवार को 2 लाख रुपए मुआवजा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि वह खुद घटना पर नजर बनाए हैं। हर पल की अपडेट ले रहे। रेल मंत्री अश्विनी वार्ष्णेय से बात की। हादसे में घायलों का समुचित उपचार कराया जाए, इस पर नजर बनाए हैं।

प्रमुख सचिव गृह ने कमान संभाल ली है। स्थानीय अधिकारियों और रेलवे के अधिकारियों के साथ बात कर यूपी के लोगों के उचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। यूपी सरकार ने टोल फ्री नंबर 1070, 94544410813, 9454441075 जारी किया है।

9360552608
8015681915

Exit mobile version