सागर की निवार घाटी में इंदौर से छतरपुर जा रही बस पलटी: 4 की मौत, 22 यात्री घायल

न्यूज़ डेस्क :

सागर की निवार घाटी में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां इंदौर से छतरपुर जा रही स्लीपर बस पलटने से एक महिला समेत 4 यात्रियों की मौत हो गई। महिला की पहचान अनामिका (35) पति अभिषेक सोनी के रूप में हुई है। दुर्घटना में 22 अन्य यात्री भी घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही बंडा, शाहगढ़, छानबीला थानों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू कराया।

जानकारी के अनुसार गोल्डन ट्रैवल्स की बस क्रमांक MP16-P1286 शुक्रवार रात को इंदौर से सवारियां लेकर छतरपुर के लिए रवाना हुई थी । शनिवार सुबह करीब 6 बजे छानबीला थाना क्षेत्र में निवार घाटी के मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस टीमें घटनास्थल पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। उन्हें एंबुलेंस की मदद से शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। दुर्घटना के समय स्लीपर बस में करीब 35 यात्री सवार थे।

हाइड्रा, जेसीबी मशीन की मदद से यात्रियों को बाहर निकाला

दुर्घटना के बाद कुछ यात्री बस के अंदर ही फंसे रह गए। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने हाइड्रा व जेसीबी की मदद से पलटी बस को सीधा करवाया। जिसके बाद अंदर फंसे कुछ यात्रियों को बाहर निकाला जा सका। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए दलपतपुर से एक, शाहगढ़ से तीन और बंडा से एक एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया। यात्रियों का शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है।

महिला समेत 4 यात्रियों की मौत

बस दुर्घटना में गंभीर चोट लगने से एक महिला, दो युवक और एक अधेड़ यात्री की मौत हुई है। पुलिस ने शवों का पंचनामा बनाकर अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया है। बंडा एसडीओपी शिखा सोनी ने बताया कि बस दुर्घटना में चार यात्रियों की मौत हुई है। वहीं घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हालांकि शुरुआती पूछताछ के बाद ड्राइवर को झपकी आने की वजह से हादसा होना लग रहा है। मृतकों में एक महिला की शिनाख्त राजनगर (छतरपुर) की अनामिका (35) पति अभिषेक सोनी के रूप में हुई है।

Exit mobile version