BREAKING NEWS- बोरवेल में गिरा 6 साल का मासूम: 60 फीट गहरे गड्ढे में फंसा

बारिश से रेस्क्यू में आ रही दिक्कत

न्यूज़ डेस्क :

रीवा में 6 साल का बच्चा बोरवेल के गड्ढे में गिर गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। रेस्क्यू टीम बच्चे को बाहर निकालने की कोशिश में जुटी है। मौके पर जेसीबी से खुदाई की जा रही है।

मामला रीवा जिला मुख्यालय से करीब 90 किलोमीटर दूर जनेह थाना क्षेत्र के मनिका गांव का है। बच्चे का मयूर उर्फ मयंक (6) पिता विजय आदिवासी है। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे वह खेत में बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान खेत में ही खुले पड़े बोरवेल के गड्ढे में गिर गया।

इधर, बारिश होने से रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही है। बोरवेल के गड्‌ढे को तिरपाल से ढंक दिया गया है। साथ ही बोरवेल के आसपास बारिश का पानी जमा नहीं हो इसके उपाय किए जा रहे हैं।

कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे

कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी विवेक सिंह भी मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने रेस्क्यू का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

बोरवेल के आसपास 200 मीटर के दायरे में घेरा बनाया

 

जनेह थाना प्रभारी कन्हैया बघेल ने बताया कि बोरबेल में फंसे मयंक को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन ग्रामीणों ने ही शुरू कर दिया था। जिला मुख्यालय से भी टीम आ रही है। इधर, मनिका गांव के आसपास के कई गांव से 300 से ज्यादा लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई है। भीड़ की वजह से राहत और बचाव कार्य में परेशानी नहीं हो, इसलिए बोरवेल के आसपास 200 मीटर के दायरे में घेरा बना दिया गया है।

करीब 140 फीट गहरा है बोरवेल का गड्ढा

 

बताया जा रहा है कि बोरवेल के इस गड्ढे की गहराई करीब 140 फीट है। बच्चा कितनी गहराई पर फंसा है। अभी इसका पता नहीं चल पाया है। ये भी बताया जा रहा है कि बच्चा अंदर हलचल कर रहा है। गड्ढे में कैमरा डालकर बच्चे की गतिविधि की निगरानी की जा रही है।

दोस्तों के साथ खेलते वक्त गड्ढे में गिरा मासूम

मयंक अपने दोस्तों के साथ खेत में खेल रहा था। तभी खेत में खुले पड़े बोरवेल के गडढे में गिर पड़ा। जिसके बाद उसके साथ खेल रहे बच्चों ने परिजनों को जाकर बताया।

Exit mobile version