भारत जोड़ो यात्रा : राहुल ने महात्मा गांधी से तुलना पर नाराज: बोले- नेहरू, इंदिरा, राजीव को जो करना था किया, हर मीटिंग में इसका जिक्र न करें

न्यूज़ डेस्क :

राहुल ने महात्मा गांधी की यात्रा से उनकी तुलना करने पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को टोकते हुए नाराजगी जताई। कहा- अभी डोटासरा ने गांधी जी और मेरी तुलना की, यह बिल्कुल गलत है। गांधी जी की जगह कहीं और है और मेरी जगह कहीं और है, तुलना करनी नहीं चाहिए।

वह महान व्यक्ति थे, उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी देश की आजादी के लिए दी, 12 साल जेल काटी, उनकी जगह कोई और भर नहीं सकता है । उनकी जगह मेरा नाम भी नहीं लेना चाहिए। राहुल बुधवार शाम को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दौसा के बगड़ी में नुक्कड़ सभा को संबाेधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा- मैं कुछ कड़वी बातें पार्टी के साथियों से कहना चाहता हूं। राजीव गांधी जी ने जो किया, इंदिरा गांधी जी ने जो किया वे शहीद हुए, उन्होंने जो करना था किया और अच्छा किया। कांग्रेस पार्टी को हर मीटिंग में यह दोहराना नहीं चाहिए।

महात्मा गांधी ने जो किया वह कर दिया। जो इंदिरा गांधी जी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल जी, राजीव गांधी ने जो किया कर दिया। अच्छा है, मगर हमें यह बोलना चाहिए कि हम जनता के लिए क्या करेंगे या क्या करने जा रहे हैं यह ज्यादा जरूरी। मेरे दिल में बात आई, कभी-कभी मैं जो दिल में आता है वह कह देता हूं तो मैं आपसे माफी मांगता हूं।

राहुल गांधी ने कहा- देश के 100 पूंजीपतियों के पास आधे हिंदुस्तान की आबादी जितना पैसा है। नरेंद्र मोदी भी इन्हीं के इशारे पर काम करते हैं। जो ये कहते हैं वही काम मोदी करते हैं। बड़े उद्योगपतियों ने कहा कि छोटे व्यापारियों को खत्म करना है, जो मोदी ने किया। GST गलत तरीके से इसीलिए लागू की। मुझे आज ही बताया गया कि 25 किलो से कम गुड़, बेसन बेचने पर GST लगता है, ज्यादा पर नहीं लगता। इसीलिए छोटे कारोबारियों को खत्म करने का षड्यंत्र किया गया।

डोटासरा ने कहा- एक गांधी ने आजादी दिलाई, अब हमारा नेता राहुल गांधी आया है
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- वो राहुल गांधी जिनकी दादी ने देश की एकता अखंडता के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए, जिनके पिता देश की एकता के लिए शहीद हो गए। या तो आजादी के लिए महात्मा गांधी आए थे, जिन्होंने देश को आजाद करवाया था, या हमारा नेता राहुल गांधी आया हैं जो फासीवादी ताकतों के खिलाफ लड़ेगा और देश में प्यार बांटेगा।

इससे पहले राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में बुधवार सुबह RBI के पूर्व गवर्नर एन रघुराम राजन जुड़े थे। राहुल गांधी ने राजन के साथ लंबी चर्चा की। टी ब्रेक तक लगातार दोनों बातचीत करते हुए चल रहे थे। आर्थिक मुद्दों पर रघुराम राजन बेबाक राय रखते रहे हैं। गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा में लगातार अलग-अलग क्षेत्रों के लोग जुड़ रहे हैं।

राहुल गांधी और रघुराम राजन के बीच आधे घंटे से ज्यादा समय बातचीत हुई थी। दोनों ने एक डॉक्यूमेंट्री के लिए आर्थिक मुद्दों पर अपनी राय रखी थी। रघुराम राजन को यूपीए के दूसरे कार्यकाल में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया का गवर्नर बनाया गया था।

इधर, यात्रा के दौरान मीडिया से बातचीत में पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने भारत-चीन सीमा विवाद पर कहा, जब यह घटना घटी, उसके 5 दिन बाद सरकार का स्टेटमेंट आया है, लेकिन उसमें कुछ भी नया नहीं है। केंद्र सरकार को चाहिए इस मुद्दे पर विपक्ष को विश्वास में लेकर चर्चा करे।

इस मसले पर पूरा देश सरकार के साथ खड़ा है, लेकिन बिना पारदर्शिता लाए हम कैसे आगे बढ़ेंगे। सच्चाई के साथ केंद्र सरकार को चर्चा करनी चाहिए। अगर सीमा पर चीन अतिक्रमण करना चाहता है तो उसका मुंह तोड़ जवाब देना चाहिए।

इससे पहले मंगलवार को दौसा में ही राहुल गांधी गो बैक के नारे लिखे मिले। इसकी जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। शहर के आगरा रोड और लालसोट ओवरब्रिज पर लिखे इन स्लोगन को तुरंत मिटाया गया।

Exit mobile version