गुना

राजा के गढ़ में गरजे महाराजा: रावण जैसा अहंकार…नाम है बंटाधार

मुख्यमंत्री ने 50 हजार नई भर्तियों का किया ऐलान

गुना डेस्क :

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शनिवार को दिग्विजय सिंह के गढ़ राघोगढ़ के दौरे पर रहे। इस दौरान दोनों ही नेताओं ने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को निशाने पर लिया। सिंधिया ने कुछ पंक्तियां सुनाकर कहा कि रावण जैसा अहंकार… नाम है उनका बंटाधार। वहीं सीएम शिवराज सिंह ने 50 हजार नई भर्तियों का ऐलान किया। साथ ही ये भी कहा कि 10 जुलाई को इंदौर से लाड़ली बहना योजना के तहत बहनों के खातों में पैसा डाला जाएगा।

सीएम शिवराज सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया राघौगढ़ में लाड़ली बहना सम्मेलन में शामिल होने आए थे। इस दौरान सिंधिया ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को मध्यप्रदेश का गौरव बताया। यह पहली बार है जब CM शिवराज सिंह और सिंधिया एक साथ दिग्विजय के गढ़ में आए हैं। इससे पहले सिंधिया ने सिर्फ एक बार राघोगढ़ में सभा की थी। CM भी 2018 के बाद अब राघोगढ़ आए।

सिंधिया ने ये कविता पढ़कर दिग्विजय को निशाने पर लिया…

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि दस दिन पहले मुझे राघोगढ़ का एक व्यक्ति मिला था। उसने मुझे कुछ पंक्तियां सुनाई थी, यही मैं यहां सुना रहा हूं।

एक थी बाप-बेटे की जोड़ी निराली।
कर दी उन्होंने मध्यप्रदेश की झोली खाली।
एक थी बाप-बेटे की जोड़ी निराली।
कर दी उन्होंने मिलकर मध्यप्रदेश की जनता की झोली खाली।
रावण जैसा अहंकार रहता सिर पर सवार।
न उठे अपनी ऊंची गद्दी से एक इंच भी।
नाम है उनका… नाम है उनका बंटाधार।

सिंधिया बोले- राघोगढ़ से यहां की नहीं, दूसरे देशों की चिंता की जाती है

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंच पर मुख्यमंत्री की खूब तारीफ की। कहा- शिवराज सिंह चौहान की राघोगढ़ में उपस्थिति नए परिवर्तन का आगाज है। लाड़ली बहना योजना से कांग्रेस में घबराहट है। इसीलिए कमलनाथ ने 1500 रुपए का ऐलान कर दिया। शिवराज जी लड़ली बहना की राशि को 3 हजार रुपए तक ले जाएंगे। सिंधिया ने कहा कि यहां (राघोगढ़) गरीबों के लिए मोनोपॉली चलाई जाती है। यहां के विकास की, प्रगति की चिंता नहीं है, लेकिन दूसरे प्रदेशों और दूसरे देशों तक की चिंता यहां से की जाती है। 1977 से एक ही परिवार इस क्षेत्र पर अपनी चक्की पीस रहा है। यहां विकास की उल्टी गंगा चल रही है। सड़कों-बिजली की किल्लत है।

जब कांग्रेस सरकार थी, तब किसी ने बहनों के बारे में नहीं सोचा 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली बहना सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मैंने आपको वचन दिया था कि हर महीने की 10 तारीख को लाड़ली बहना योजना का पैसा आपके खातों आएगा। 10 तारीख फिर से आने वाली है।

CM ने कहा, लाड़ली बहना का पैसा बढ़ाकर 3 हजार रुपए महीना तक ले जाएंगे। 10 जुलाई की दोपहर 1 बजे इंदौर से ‘लाड़ली बहना’ का पैसा खातों में डालेंगे। सभी जिलों में कार्यक्रम होगा। इसी दिन लाड़ली बहना सेना में शामिल बहनों का शपथ ग्रहण होगा। मुख्यमंत्री ने कहा, अब 23 नहीं, 21 साल की बहनों को पैसा दिया जाएगा। जिनके पास ट्रैक्टर है और 5 एकड़ तक जमीन है, उन्हें भी लाभ दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि मेरी जिंदगी का मिशन और भाजपा का लक्ष्य अपनी गरीब बहनों की जिंदगी बदलना है।

सीएम ने कहा कि इतने सालों तक कांग्रेस की सरकार रही। मुख्यमंत्री भी यहीं के रहे। क्या कांग्रेस ने कभी इतना पैसा बहनों के खातों में डाला था क्या? पैसा तब भी था, जब कांग्रेस की सरकार होती थी। तब बहनों को पैसा क्यों नहीं मिलता था। तब बहनों के बारे में किसी ने क्यों नहीं सोचा।

50 हजार नई भर्तियों का ऐलान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस साल 15 अगस्त तक 1 लाख सरकारी भर्तियां पूरी कर दी जाएंगी। इसके बाद फिर 50 हजार नई सरकारी भर्तियां की जाएंगी।

कांग्रेस ने पूरे मध्यप्रदेश को नरक बना दिया था: शिवराज

CM शिवराज सिंह ने कहा कि प्रदेश में दस साल कांग्रेस की सरकार रही। बताओ – राघोगढ़ में भी सड़कें बनवाईं क्या? बिजली मिलती थी? पानी घर-घर पहुंचा? कांग्रेस ने पूरे मध्यप्रदेश को नरक बना दिया था। अंधेरा देने वाले मिस्टर बंटाधार थे। यहां (राघेगढ़) से जो मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह थे, उन्होंने क्या किया? कमलनाथ ने क्या किया ? सारी योजनाएं एक-एक कर बंद कर दीं। कांग्रेस ने तो तीर्थ यात्रा तक बंद कर दी थी।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!