AAP सांसद संजय सिंह ने बताया तिहाड़ में 6 महीने कैसे बीते

नई दिल्ली डेस्क :

आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार (6 अप्रैल) को कहा कि तिहाड़ जेल में शुरुआती 11 दिन उनके लिए मुश्किल थे। वे एक छोटी सी कोठरी में बंद थे। उन्हें बाहर निकलने या किसी से बात करने की इजाजत नहीं थी।

AAP सांसद ने न्यूज एजेंसी PTI को दिए इंटरव्यू में कहा- मैंने जेल प्रशासन से कहा कि मुझे एक सामान्य कैदी के सभी अधिकार दिए जाए। इसके बाद मुझे पुलिस सिक्योरिटी में कोठरी से बाहर निकलने दिया जाता था।

संजय दिल्ली शराब नीति केस से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी हैं। ED ने उन्हें 4 अक्टूबर 2023 को उनके घर से गिरफ्तार किया था। सुप्रीम कोर्ट ने 2 अप्रैल को उन्हें जमानत दे दी थी। तिहाड़ में छह महीने रहने के बाद 4 अप्रैल को वो बाहर आए थे।

संजय बोले- मैं जिस जेल में था, वहां केजरीवाल को रखा

संजय सिंह ने बताया कि तिहाड़ में वे लंबे समय तक जेल नंबर 2 में बंद थे। हालांकि, जब केजरीवाल तिहाड़ आए तो उन्हें जेल नंबर 2 से जेल नंबर 5 में भेज दिया गया। फिर केजरीवाल को जेल नंबर 2 में रखा गया। AAP सांसद ने कहा- एक मामले के सभी आरोपी एक जेल में रहते हैं। हालांकि, ये बहुत अजीब बात है कि AAP के सभी नेताओं को अलग-अलग जेल में रखा गया है। केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येन्द्र जैन, सभी अलग-अलग जेल में हैं। मुझे नहीं पता कि वे हमें इतना बड़ा आरोपी क्यों मानते हैं।

संजय सिंह ने बताया, ‘मैं तय समय में म्यूजिक रूम, बैडमिंटन कोर्ट जाता था। छह महीनों के दौरान मैंने नेल्सन मंडेला, महात्मा गांधी, डॉ राम मनोहर लोहिया, भगत सिंह की किताबें पढ़ी। मैं 6 साल में उतना नहीं पढ़ा था, जितना छह महीनों में पढ़ा।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर परिवार को खुश रखने की कोशिश करता था
संजय सिंह ने बताया कि जब वह जेल में थे तो उनकी पत्नी अनीता सब कुछ संभाल रही थीं। जेल में परिवारवालों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बात होती थी। कैदियों और उनके परिवारों के बीच होने वाली बातचीत रिकॉर्ड की जाती थी।

AAP नेता ने कहा- मैं सबसे कहता था कि रोना नहीं। केंद्र में बैठे लोग तुम्हें रोता देख या संजय सिंह को निराश देख खुश होंगे। मैं उन्हें जेल के दिलचस्प किस्सों या किसी मजेदार घटना से खुश करने की कोशिश करता था।

ऐसी कहानियां सुनाता था, जिसे सुनकर उन्हें हंसी आए। जैसे पहले दिन उन्होंने पूछा कि आप कैसे हैं, आपकी सेहत कैसी है। मैंने कहा कि मुझसे ये मत पूछो कि मैं कैसा हूं। ये पूछो कि जेल वाले कैसे हैं।

इंटरव्यू में संजय ने इन पर भी बात की

PM नरेंद्र मोदी: अगर प्रधानमंत्री मोदी को अपनी जीत पर भरोसा होता तो वे ऐसा नहीं करते। कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज करना, CM केजरीवाल को गिरफ्तार करना, इससे पता चलता है कि वे डर गए हैं। भाजपा चुनाव हार रही है। कोई भी नेता तब तक ऐसा काम नहीं करेगा जब तक नुकसान का डर न हो।

अरविंद केजरीवाल: आज केजरीवाल यहां नहीं हैं, लेकिन कार्यकर्ता उनकी कमी पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं को काम करने और लोगों तक पहुंचने के लिए ताकत मिली है। दिल्ली सीएम को गिरफ्तार करना भाजपा पर उल्टा पड़ गया है। लोगों में केजरीवाल के प्रति सहानुभूति जग रही है। दिल्ली के लोग भाजपा को करारा जवाब देंगे।

सुनीता केजरीवाल: उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है, क्योंकि वह इकलौती शख्स हैं, जो अभी केजरीवाल से मिल सकती हैं। उनके माध्यम से ही पार्टी कार्यकर्ताओं तक सीएम के दिशा-निर्देश पहुंचते हैं। यह उनके लिए बहुत भावुक हालात है। मैं जेल से निकला तो पहली बार उनकी आंखों में आंसू देखे। जिस तरह से हमारे परिवारों, हमारे कार्यकर्ताओं, दिल्ली के लोगों को प्रताड़ित किया गया है, लोग जवाब देंगे।

 

Exit mobile version